गजरौला। असम हाईवे पर मुड़ैलाकलां पुलिया के पास बस और इनोवा की रविवार शाम टक्कर हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया। उधर, कार सवार मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी पीयूष लोधी (16), धर्मेंद्र वर्मा (20), विनय कुमार (18), चालक राजेंद्र कुमार (28), शिवम (18) और गांव रंपुरा निवासी महेश कुमार (30) घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रवीण मलिक, इंस्पेक्टर जेपी सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। यूपी 112 और 108 एंबुलेंस से घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। बस पकड़ने के लिए चेकिंग कराई गई, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद