बीसलपुर। मुंसिफ कोर्ट के कर्मचारी की शुक्रवार को फर्रुखाबाद में गंगा स्नान करते समय डूबकर मौत हो गई। हादसे से मृतक के घर कोहराम मचा है।
फर्रुखाबाद के गांव चिलौआ निवासी 57 वर्षीय चंद्रप्रकाश शुक्ला यहां मुंसिफ कोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और एसडीएम कॉलोनी के सरकारी आवास में परिवार के साथ थे। चंद्रप्रकाश प्रत्येक पूर्णमासी को फर्रुखाबाद के घटिया गंगाघाट पर स्नान करने जाते थे। शुक्रवार सुबह कोर्ट से अवकाश लेकर वह गंगा स्नान के लिए घटियाघाट गए थे। वहां नहाते समय उनकी गंगा में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने उनका शव पांचाल घाट से बरामद किया। मृतक की जेब से मिले परिचय पत्र से उनकी शिनाख्त हुई। सूचना मिलने पर परिजन घर में ताला लगाकर वहां चले गए। घर वालों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चंद्रप्रकाश की मौत से उनकी पत्नी सुखदेवी, पुत्र शिवम और अनुराग का रो-रोकर बुरा हाल है।