मोहल्ला ग्यासपुर निवासी आशिक ने बताया कि पत्नी राजीना बेगम बुधवार की रात 10 बजे डीसीएम पर सवार होकर शाहजहांपुर जिले के कस्बा खुदागंज जा रहीं थीं। डीसीएम पर मोहल्ले के ही बशरूद्दीन भी सवार थे। पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और राजीना बेगम की गोद से उसकी चार माह की पुत्री निदा छिटक कर सड़क पर जा गिरी। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि राजीना बेगम और बशरूद्दीनघायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोंनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृत बच्चे के पिता आशिक ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लिए हैं। अभी घटना की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज नहीं की है। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।