रविवार शाम बिलसंडा थाना क्षेत्र गांव चरखौला निवासी रामनिवास के पुत्र अमित की बारात शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव मरैना निवासी सियाराम के घर को निकली थी। घर में खुशी का माहौल था। बारात निकल जाने के बाद दूल्हे का 18 वर्षीय छोटा भाई सुबोध कुमार गाड़ियों से न जाकर अपने रिश्तेदार बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पीहार निवासी दुर्वेश मिश्रा के पुत्र 18 वर्षीय हिमांशु के साथ बाइक से रवाना हुआ। वह अभी बिलसंडा बंडा मार्ग पर घनश्यामपुर के निकट पहुुंचा था कि पीछे से आ रही बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सुबोध कुमार की मौके पर ही मौत हो गई और हिमांशु घायल हो गया। सड़क दुर्घटना में दूल्हे के छोटे भाई की मौत से खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। अलग-अलग गाड़ियों से जा रहे बराती वापस आ गए। बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में ले लिया है। बिलसंडा एसओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।