पीलीभीत। दुल्हन का शृंगार करने के रुपये मांगने पर दुल्हन के परिवार वालों ने ब्यूटी पॉर्लर संचालक को घर बुलाकर मारपीट की। आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी तोड़कर फेंक दिया और जेब में रखे 10 हजार रुपये छीन लिए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी अनुज भारती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह ठेका पुलिस चौकी के पास ब्यूटी पॉर्लर संचालित करता है। मोहल्ला मोहम्मद वासिल निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी 10 जुलाई को थी। दुल्हन का शृंगार कराने के लिए 15,200 रुपये में बात तय हुई। शृंगार करने के बाद आरोपियों ने एक दो-दिन में रुपये देने की बात कही।
शुक्रवार शाम आठ बजे सतीश को कॉल कर रुपये देने के लिए कहा तो उन्होंने घर आने की बात कही। इस पर ब्यूटी पार्लर संचालक उनके घर चला गया। आरोप है कि वहां बंदकर उसकी पिटाई की गई। मेकअप खराब करने की बात कहकर उन्होंने रुपये देने से इन्कार कर दिया। जेब में रखे रुपये छीनने के साथ ही मोबाइल फोन भी छोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नरेश त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली थी। मामले की जांच कराई जा रही है।