जहानाबाद। मोबाइल चार्ज करते समय अचानक गेयर पड़ जाने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। चपेट में आने से गंभीर घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव कल्याणपुर चक्रतीर्थ निवासी राजेंद्र (35) शनिवार को घर पर मौजूद था। विद्युत आपूर्ति न आने से वह मोबाइल चार्ज करने के लिए ट्रैक्टर पर पहुंचा। ट्रैक्टर चालू करने के बाद मोबाइल चार्जिंग पर लगा दिया। युवक ट्रैक्टर पर ही बैठा रहा। इस बीच अचानक गेयर पड़ जाने से अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर के नीचे आ गया और दब गया।
जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
-
कार की चपेट में आकर ग्रामीण घायल
बीसलपुर। पीलीभीत रोड पर गांव परसिया के पास शनिवार को कार की चपेट में आकर एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव परसिया निवासी सुरेश चंद्र ने बताया कि उनके पिता टोड़ीलाल शनिवार को खेत से पैदल ही लौट रहे थे। रास्ते में पकड़िया मंगली मोड़ पर बीसलपुर की ओर से जा रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर होने के बाद चालक कार लेकर पीलीभीत की ओर भाग गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि सुरेश चंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें कार के चालक को अज्ञात बताया गया है और उसके नंबर का उल्लेख किया गया है। संवाद