बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव जमुनिया महुआ में एक युवक ने पत्नी से विवाद के चलते खेत में कीटनाशक दवाई खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
गांव जमुनिया महुआ निवासी छत्रपाल गंगवार ने बताया कि उनके भाई राजवीर (25) का अपनी पत्नी से तलाक संबंधी मुकदमा चल रहा है। उनकी पत्नी रेशमा देवी पिछले लगभग एक वर्ष से बरेली के थाना भुता के गांव खरदाह स्थित अपने मायके में अपनी एक वर्षीय पुत्री के साथ रह रही है। इस मुकदमे की वजह से राजवीर काफी परेशान था। राजवीर 16 अक्तूबर को सुबह खेत पर जाने की बात कहकर घर से गया था।
देर रात तक जब राजवीर घर वापस नहीं आया, तब परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने सभी संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन राजवीर का कोई पता नहीं चला। राजवीर का मोबाइल फोन स्वीच ऑफ जाता रहा। घर वालों ने 17 अक्तूबर को दियोरिया कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
शनिवार को सुबह गांव का देवेंद्र जब अपने खेत पर धान काटने गया, तब उसे अपने खेत में एक शव दिखाई दिया। देवेंद्र ने गांव में आकर इस मामले की जानकारी दी। जरा देर में मौके पर काफी भीड़ लग गई। राजवीर के परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त राजवीर के रूप में की।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने मौके से राजवीर का मोबाइल फोन, स्टील का एक गिलास, पानी की बोतल और कीटनाशक दवाई के पांच पाउच सील किए। इस बावत कोतवाल प्रदीप विश्नोई ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया। मृतक के पिता ज्वाला प्रसाद, भाई छत्रपाल, धर्मवीर और मां पार्वती का रोते रोते बुरा हाल है। सूचना मिलने पर भी मृतक की पत्नी नहीं आई थी।