शारदा नदी पार श्री गुरूद्धारा नानक नगरी में धर्म प्रचारक टीम के साथ संगत के लोग।स्रोत:गुरूद्धार
पूरनपुर। नेपाल सीमा के गांवों में धर्म परिवर्तन के मामले में शनिवार को पंजाब से धर्म प्रचारकों की दो सदस्यीय टीम हजारा क्षेत्र में पहुंची। टीम ने गुरुद्वारा श्री सिंह सभा नानक नगरी बैल्हा में पहुंचकर लोगों से जानकारी की। इसके बाद टीम लौट गई। टीम अपनी रिपोर्ट शिरोमणि गुरुद्वारा कमेटी अमृतसर को देगी।
नेपाल सीमा के गांवों के नौ परिवारों के धर्म परिवर्तन करने पर सिख समाज की पिछले दिनों हुई बैठक मेंं ऐसे परिवारों का बहिष्कार करने का निर्णय किया गया था। इसी के चलते शनिवार को पंजाब से धर्म प्रचारकों की दो सदस्यीय टीम ने गुरुद्वारा श्री सिंह सभा नानक नगरी बैल्हा पहुंचकर लोगों से इस संबंध में जानकारी ली।
संगत के लोगों ने क्षेत्र के कई लोगों के धर्म परिवर्तन करने की जानकारी दी। यह भी बताया कि करीब सात सौ लोगों ने फिर सिख धर्म अपना लिया है। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के सचिव परमजीत सिंह ने बताया कि धर्म प्रचारकों को बताया गया कि धर्म परिवर्तन करने वाले नौ परिवार एजेंट का काम कर रहे है। उन्होंने बताया कि टीम पंजाब लौट गई है।
रविवार को पुलिस-प्रशासन रहा सतर्क, नहीं हुई प्रार्थना सभा
गुरुद्वारा श्री सिंह सभा नानक नगरी बैल्हा के सचिव परमजीत सिंह ने बताया कि धर्म परिवर्तन की सूचना पर पूर्व मेंं एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार भी आए थे। उन्होंने चर्च पर ताला बंदी करा दी थी, लेकिन टाटरगंज के एक चर्च पर डाले गए ताले तोड़कर फिर प्रार्थना सभा की गई। रविवार को पुलिस, खुफिया विभाग की टीमें सतर्क रही। ऐसे में प्रार्थना सभा नहीं हो सकी।