छेड़छाड़ की घटना के बाद मौके पर लगी भीड़। स्रोत सोशल मीडिया
कई दिनोंं से पीछा कर रहा था आरोपी, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, भेजा गया जेल
पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 13 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली कक्षा आठ की छात्रा मंगलवार सुबह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फीलखाना निवासी मोहम्मद आदिल पिछले कई दिनों से छात्रा का पीछा कर रहा था और उसे रास्ते में परेशान करता था। मंगलवार को भी आरोपी छात्रा के पीछे लग गया और सुनसान जगह पाकर उसके साथ छेड़खानी की। छात्रा ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और एक राहगीर से फोन लेकर अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर आरोपी युवक को पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। इसमें उसने अपना नाम मोहम्मद आदिल बताया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद