पीलीभीत। सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए माधोटांडा में स्कूल का चयन होने के बाद स्कूल परिसर में ऐसी जमीन चिह्नित की गई, जहां जलभराव था, ऐसे में पेच फंस गया है। इसके चलते अन्य स्थान पर विभाग जमीन की तलाश कर रहा है। योजना के तहत स्कूल में एक छत के नीचे कक्षा प्री नर्सरी से 12 तक की शिक्षा दी जाएगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय प्रदेश के 57 जिलों में बनाए जाने के आदेश हुए थे। इसमें पीलीभीत को भी शामिल किया गया था। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए माधोटांडा के जूनियर हाईस्कूल का प्रस्ताव भेजा गया। बीएसए की ओर से स्कूल परिसर की खाली पड़ी जमीन को चिह्नित किया था।
योजना के तहत यहां पर निर्माण होना था। अब इस जमीन में जलभराव होने से पेच फंस गया है। यहां पर पानी भरा होने के कारण जमीन को सही नहीं माना जा रहा है। इसके चलते विभागीय कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पा रही है। वहीं, अब जिम्मेदार अन्य स्थान पर जमीन की तलाश कर रहे हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में प्री प्राइमरी (बाल वाटिका) के साथ 12वीं तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। छात्र-छात्राओं के समग्र विकास पर फोकस किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को यूपी बोर्ड पाठ्यक्रम पर आधारित विज्ञान, गणित, वाणिज्य एवं कला वर्ग में अध्ययन का अवसर मिलेगा। योजना के तहत प्री प्राइमरी, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी कक्षाओं के लिए अलग-अलग शैक्षणिक ब्लॉक निर्मित किए जाएंगे। आधुनिक गणित, विज्ञान, प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, खेल का मैदान, स्किल लैब और केंद्रीकृत किचन का भी निर्माण होगा।
माधोटांडा में जूनियर हाईस्कूल का चयन कर जमीन तय की गई थी। वहां पर पानी भरने की समस्या सामने आ रही है। इसके चलते दूसरे स्थान पर जमीन को तलाश किया जा रहा है।