पीलीभीत। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने शनिवार रात शहर के गौरीशंकर मंदिर परिसर में स्थित कुएं कूदकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला और पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खकरा निवासी धर्म प्रकाश (40) पुत्र बाबूराम मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। शनिवार रात करीब आठ बजे धर्म प्रकाश कोतवाली क्षेत्र के गौरीशंकर मंदिर पहुंचे और परिसर में स्थित कुएं में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।
कोतवाल नरेश त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को परखा। गहराई अधिक होने के कारण पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया। मशीन के जरिये कुएं को खाली कराया गया। इसके बाद शव कुएं से बाहर निकाला गया। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि धर्म प्रकाश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पहले भी उन्होंने गर्दन काटने का प्रयास किया था। उस दौरान लोगों ने बचा लिया था। वह अविवाहित थे।