पूरनपुर। पति से हुए विवाद पर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी राजेश कुमार की पत्नी ललिता उर्फ लक्ष्मी (26) ने घर में साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। ललिता के मायके और ससुराल वालों में घंटों पंचायत होती रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ललिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में सोमवार सुबह की है। ललिता का पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उसने घर के बरामदे में साड़ी के फंंदे से लटककर जान दे दी। ललिता का मायका पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव खमरिया पट्टी में है। सूचना पर मायके के लोग भी उसके घर पहुंचे। पूरे दिन ससुरालियों और मायके वालों में पंचायत हुई। पंचायत में राजेश के नाम की जमीन उसके पुत्र के नाम कराने पर चर्चा होती रही। सोमवार रात आठ बजे घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। तब परिजन से शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया।
एसओ सेहरामऊ उत्तरी कांत कुमार शर्मा ने बताया कि ललिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। अगर तहरीर मिलती है तब अगली कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज सुल्तानपुर आयुष कुमार ने बताया कि रविवार शाम को पति-पत्नी में हुए विवाद में ललिता के फंदे से लटककर जान देने का मामला पाया गया है। संवाद