पीलीभीत। ग्रामों में विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी की गई किस्त से पंचायत विभाग ने जमकर धन खर्च किया। शासन से जारी 38 करोड़ की धनराशि में से करीब 94 प्रतिशत खर्च किया। इस पर जिले को प्रदेश में 24वीं रैंक हासिल हुई, वहीं मंडल में जिला दूसरे स्थान पर रहा। पहले स्थान पर बरेली तो शाहजहांपुर तीसरे पायदान पर रहा।
ग्राम पंचायतों में कार्यों के लिए पंचायत विभाग को राज्य सरकार की ओर से भारी भरकम बजट जारी किया जाता है। इस बजट को हर माह में शत प्रतिशत खर्च किए जाने के निर्देश रहते हैं। शासन स्तर पर जब जिले की समीक्षा की गई तो यहां पर काम संतोषजनक मिला।
जिले को जारी किए गए 38.10 करोड़ रुपये के सापेक्ष यहां पर 35.77 करोड़ रुपये खर्च किए गए। समीक्षा के दौरान जिले को प्रदेश में 24वीं रैंक दी गई। राज्य मद खर्च करने में बरेली को 18वीं, शाहजहांपुर को 26वीं और बदायूं को 73वीं रैंक मिली। ऐसे में मंडल में पीलीभीत दूसरे स्थान पर रहे। (संवाद)
केंद्र वित्त में पिछड़ा चल रहा जिला
राज्य वित्त में बेहतर प्रदर्शन पर जिले को 24वीं रैंक मिली है। वहीं केंद्र वित्त में जिला काफी पीछे चल रहा है। जिले को 45.90 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, इसमें से अब तक 32.13 करोड़ रुपये ही खर्च हो सके हैं। ऐसे में जिले को प्रदेश में 57वीं रैंक दी गई है। वहीं मंडल में सबसे आगे शाहजहांपुर 31वीं रैंक पर चल रहा है। बदायूं को 45वीं तो बरेली को 54वीं रैंक दी गई है।
राज्य व केंद्र वित्त की शत प्रतिशत धनराशि खर्च करने के लिए सचिवों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसको लेकर नोटिस भी जारी किया जाता है। रैंक में सुधार के लिए निर्देश दिए गए हैं।
- सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी