पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव सेरामऊ में हाथियों की ओर से खराब की गई फसल दिखाते किसान।स्रोत: ग्
पूरनपुर। नेपाल से दुधवा होते हुए हाथियों का झुंड सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव सेहरामऊ उत्तरी गांव के पास जंगल किनारे के खेतों में आ गया। हाथियों ने चार किसानों की आठ बीघा में खड़ी धान और छह बीघा में खड़ा गन्ना खाया और रौंदकर खराब कर दिया। दिन निकलते ही हाथियों का झुंड जंगल में चला गया। वन विभाग ने हाथियों के झुंड की निगरानी शुरू कर आसपास गांव के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
पिछले कई साल से नेपाल से दुधवा के रास्ते नेपाली हाथियों का झुंड क्षेत्र में पहुंचकर तबाही मचा है। पिछले साल तो सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ महीने तक हाथियों के झुंड ने तबाही मचाई थी। दो दिन पहले झुंड आने की जानकारी शाहजहांपुर की खुटार रेंज के अफसरों को हुई। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र पूरनपुर तहसील में है। मगर वन विभाग खुटार और लखीमपुर की मैलानी रेंज का लगता है।
मैलानी रेंज के वन दरोगा राजाराम तिवारी ने बताया कि जंगल क्षेत्र मैलानी रेंज में, जबकि गांव खुटार रेंज में है। खुटार रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि नेपाल के हाथियों का झुंड दुधवा होते हुए क्षेत्र में आया है। जानकारी पर टीमों को लगाया गया है। टीमों को झुंड की लोकेशन तो मिली है, लेकिन अभी मिले नहींं हैं। झुंड में 10-12 हाथी बताए जा रहे हैं। हाथियों के झुंड की निगरानी कराने के साथ आसपास के गांव के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। जिन किसानों का नुकसान हुआ है उनके प्रार्थना पत्र और फोटो ग्राफ उपलब्ध कराने पर मुआवजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।