चंदिया हजारा में ओवरहेड टैंक के निर्माण का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। गांव चंदिया हजारा में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक के निर्माण पर रोक लगाने के विरोध में प्रधान वासुदेव कुंडू ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की। जिसके बाद तहसीलदार ने जमीन की स्थिति की जांच के लिए राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गठित की है। टीम 27 जून तक अपनी रिपोर्ट तहसीलदार को देगी।
गांव चंदिया हजारा में जलजीवन मिशन के तहत कुछ दिन पहले ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू कराया गया था। 11 जून को मौके पर पहुंचे हरीपुर रेंजर ने उक्त जमीन वन विभाग की होने की जानकारी देकर काम को रुकवा दिया।
ग्राम प्रधान का कहना था कि पुनर्वास योजना के तहत वन विभाग ने 1575 एकड़ जमीन राज्य सरकार को दी थी। इस पर गांव की आबादी बसी हुई है। ग्राम सचिवालय सहित कई सरकारी भवन है। वन विभाग के अफसर बेवजह ओवरहेड टैंक निर्माण की जगह को वन विभाग का होना बताकर बार-बार निर्माण रुकवा रहे हैं।
रेंजर वीरेंद्र रावत का कहना था कि वन विभाग ने जमीन भले दी हो, लेकिन मालिकाना हक अब भी वन विभाग का ही है। प्रधान वासुदेव कुंडू ने पूरे मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर कर ओवरहेड टैंक निर्माण की मांग की।
शिकायत में कहा गया कि ओवरहेड टैंक की बाउंड्री पहले से बनी हुई है। पाइप लाइन भी गांव में बिछ चुकी है। शिकायत के बाद तहसीलदार वीरेंद्र कुमार ने जांच के लिए राजस्व निरीक्षक गुरमेश चंद्र के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गठित की है। टीम को 27 जून तक जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।