पीलीभीत। बहन को पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र पर छोड़कर आ रही छात्रा की स्कूटी को गौहनिया चौराहे पर बस ने चपेट में ले लिया। हादसे में वह घायल हो गई। आरोप है कि चौराहे पर मौजूद यातायात एसआई ने बस चालक पर कार्रवाई के बजाय छात्रा और उसके भाई से अभद्रता की। इसको लेकर चौराहे पर हंगामा भी हुआ।
शहर के मोहल्ला सुरभि कॉलोनी की रहने वाली पूजा भारती अपनी बड़ी बहन को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के केंद्र हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज पर छोड़कर आ रहीं थी। रास्ते में ड्रमंड कॉलेज के पास उसका भाई मिल गया। दोनों भाई-बहन गौहनिया चौराहा के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इसी समय स्कूटी एक बस की चपेट में आ गई। ऐसे में छात्रा जख्मी हो गई।
जब उन्हाेंने चालक को बस सही से चलाने के लिए कहा, तो उसने गाली-गलौज की। आरोप है कि छोटे भाई के बाल पड़कर अभद्रता की। साथ ही शिकायत करने पर चौराहे पर तैनात यातायात एसआई ने भी भाई-बहन से अभद्रता की। इसको लेकर काफी देर तक चौराहे पर हंगामा हुआ। यातायात निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, मामला वह नहीं है।
छात्रा को भी देनी थी परीक्षा
छात्रा पूजा ने बताया कि उसकी भी पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होना था। बहन को छोड़कर वह अपने परीक्षा केंद्र चिरौंजीलाल कॉलेज जा रही थी। हादसे में चोट लगने और विवाद की वजह से वह देर से कॉलेज पहुंची। साथ ही हाथ में चोट लगने से उसका प्रश्नपत्र भी सही नहीं हुआ।