पीलीभीत। सुनगढ़ी मोहल्ले के दो बंद पड़े घरों में ताला तोड़कर हुई नगदी समेत लाखों रुपये की चोरी की रिपोर्ट सुनगढ़ी पुलिस ने दूसरे दिन दर्ज की है।
बतादें कि मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी रामेश्वर दयाल शनिवार को पत्नी शांती देवी और बच्चों के साथ बीसलपुर के इलाबांश मेले में गया था। सोमवार की रात मेन दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे चोर 17 हजार की नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए थे। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने मेन दरवाजे का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना गृहस्वामी रामेश्वर दयाल को दी थी। चोर इसी मोहल्ले में महज 50 मीटर दूरी पर स्थित सोहनलाल के घर को भी अपना निशाना बनाया था। कमरे का ताला तोड़कर सामान इधर-उधर बिखेर दिया। सोहनलाल भी शुक्रवार परिवार समेत मेला गए हुए थे। दोनों घटनाओं की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने गृहस्वामी रामेश्वर दयाल की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।