बीसलपुर। विभागीय उच्चाधिकारियों की अनदेखी के चलते उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला एक माह बाद भी शुरू नहीं हो पाई है, जिससे किसानों को काफी दिक्कत हो रही है। मालूम हो कि इस प्रयोगशाला में अभी तक संविदा कर्मचारी तैनात थे। इन संविदा कर्मचारियों की सेवाएं 31 मार्च को समाप्त हो गई थीं। उसके बाद से प्रयोगशाला बंद पड़ी है। रोजाना तमाम किसान मृदा परीक्षण कराने आते हैं और शाम तक भटकने के बाद मायूस होकर लौट जाते हैं। विभाग ने अभी तक नए संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की है, जिससे किसानों में रोष है। इस बावत उप कृषि निदेशक हरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि शासन से अनुमति मिलने के बाद ही नए संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।