पीलीभीत। विभिन्न तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान 95 शिकायतें आई पर समाधान सिर्फ 11 का हो सका।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें कुल 42 शिकायतें दर्ज हुईं, इसमें मात्र सात का मौके पर निस्तारण हो सका।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जन सुनवाई की शिकायतों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। सभी अधिकारी दोनों पक्षों को बुलाकर गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निस्तारण कराएं और आख्या पोर्टल पर अपलोड करें। इस दौरान विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
कलीनगर। तहसील में एसडीएम आशुतोष गुप्ता की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में 9 फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। जिसमें चार शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान तहसीलदार हबीब उर रहमान, नायब तहसीलदार अक्षय यादव आदि मौजूद रहे।
अमरिया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में तीन फरियादियों ने अपनी शिकायत दर्ज कराईं। मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। सभी शिकायती पत्र संबंधित विभागों को सौंप कर जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।
बीसलपुर। एडीएम ऋतु पूनिया की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आई 20 में से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। एडीएम ने शिकायतें संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने का निर्देश देते हुए उन्हें सौंप दी। संचालन तहसीलदार करम सिंह ने किया। विभिन्न विभागों के तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
पूरनपुर। अपर जिला अधिकारी अजीत परेश की अध्यक्षता में तहसील सभागार में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 21 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन किसी की भी समस्या का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस मौके पर एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।