पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के 3540 आवासों का निर्माण पूरा कराने के साथ ही इनका लाभ दिलाने के मामले में पीलीभीत ने रूहेलखंड मंडल के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश की टॉप टेन सूची में जगह बना ली है। लखनऊ में सरकार की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा के दौरान हुई रैंकिंग में पीलीभीत जिला तीसरे स्थान पर रहा है। डूडा अधिकारी अनामिका सक्सेना ने बताया कि बीते दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में सरकार की प्रमुख योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का नंबर आया तो जारी रैंकिंग में पीलीभीत तीसरे नंबर पर रहा। आवास योजना के तहत 2017-18 में गरीब परिवारों के लिए 5581 आवासों का लक्ष्य डूडा विभाग को मिला था। इनमें 3540 का निर्माण निर्धारित समय के भीतर करा दिया गया। शेष का निर्माण प्रगति पर है, जिसे समयबद्ध पूर्ण कर दिया जाएगा। पहले नंबर पर जिला लखीमपुर और दूसरे नंबर पर लखनऊ रहा है। डूडा अधिकारी ने बताया कि जिले के अधिकारियों के सामूहिक प्रयास से यह बड़ी सफलता मिली है, इसी तरह दूसरे कार्यों में भी प्रगति बढ़ाकर टॉप टेन में शामिल कराने के प्रयास किए जाएंगे।