खेकड़ा (बागपत)।
गर्मी का मौसम वैसे भी लोगों के लिए परेशानी भरा होता है और उस पर तेज धूप और तापमान में बढ़ोत्तरी हो जाए तो मुसीबतें और बढ़ जाती हैं। तेज धूप और गर्म हवा के कारण अधिकतम तापमान बढ़ता जा रहा है, इससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। शाम को सूर्य अस्त होने के बाद भी देर रात तक गर्मी का आभास होता रहता है और सुबह होते ही फिर गर्मी लगने लगती है। तेज धूप के साथ चली गर्म हवा के कारण घर से निकलते ही लोगों को झुलसने का आभास हो रहा है, इसलिए दोपहर के समय नगर के प्रमुख मार्ग सूने पड़े रहे। शाम को गर्मी का आभास कम होने के बाद स्थिति सामान्य हुई और लोग सड़कों पर निकले। तेज धूप के कारण इन दिनों दिन भर बाजार सूने पड़े रहते हैं और ग्राहकों की कमी के कारण व्यापार भी धीमा हो गया है। मंगलवार को खेकड़ा नगर के रेलवे रोड, पाठशाला रोड, जैन कॉलेज रोड आदि पर चंद लोग ही आते जाते दिख दिए और वह भी खुद को पूरी तरह ढके रहे। गर्मी के दौरान जिन लोगों को मजबूरी में निकलना पड़ा वह भी पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते दिखे।