पीलीभीत। ग्राम पंचायतों में होने वाली ग्राम स्वास्थ्य पोषण समिति (वीएचनडी) की बैठक में कुपोषित बच्चों को सेहतमंद बनाने की रणनीति बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा बनाई गई है। स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग को भी इसमें शामिल किया गया है। इसके तहत प्रधान, आशाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कम वजन वाले बच्चों को चिह्नित करेंगी और उनको एनआरसी भेजा जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) अरविंद कुमार ने बताया कि कुपोषण को जड़ से खत्म करने के लिए स्थानीय स्तर पर रणनीति बनाई गई है। प्रत्येक बुधवार और शनिवार को ग्राम पंचायतों में होनी वाली वीएचएनडी की बैठक में पंचायतीराज विभाग, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को कुपोषित बच्चों को लेकर जानकारी दी जाएगी। गांव में खुली बैठक का आयोजन होगा। जिसमें प्रधान, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगे। इनकी मदद से बच्चों को बुलाकर उनकी नापतौल की जाएगी। साथ ही गांव में साफ-सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिन बच्चों की वजह कम होगा या फिर वह कुपोषण की श्रेणी में होंगे उनको जिला अस्पताल परिसर में एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा। यहां डॉक्टर व अन्य स्टाफ की निगरानी में बच्चों को भोजन आदि दिया जाएगा।