बीसलपुर। मंडी कार्यालय में मानक के अनुरूप स्टाफ न होने से पूरी मंडी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सहारे चल रही है। सभी जिम्मेदार पदों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात हैं। बताते चलें कि मंडी में सचिव, प्रधान लिपिक, लिपिक, लेखाकार, कैशियर के एक-एक पद और निरीक्षक के चार पद पिछले काफी समय से रिक्त पड़े हैं। पीलीभीत के मंडी सचिव बिजिन बालियान यहां के मंडी सचिव का अतिरिक्त रूप से कार्यभार संभाले हुए हैं। मंडी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भरमार है। मानक के अनुरूप स्टाफ न होने के कारण चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही मंडी का संचालन कर रहे हैं। मंडी के अभिलेखों के अनुसार प्रधान मंडी स्थल की चेकपोस्ट पर नन्हें बाबू कनौजिया, कार्यालय अधीक्षक के पद पर शिवकुमार, सचल दल प्रभारी के पद पर एसके मिश्रा, बिलसंडा उपमंडी स्थल प्रभारी के पद पर रामपाल कश्यप और बरखेड़ा उपमंडी स्थल प्रभारी के पद पर सतीश शर्मा तैनात हैं। ये सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। मंडी एक्ट के अनुसार मंडी के किसी भी जिम्मेदार पद की जिम्मेदारी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को नहीं सौंपी जा सकती है लेकिन यहां इसका उलट है। विभागीय अनदेखी के चलते यह स्थिति पिछले काफी समय से बनी हुई है और भविष्य में कब तक बनी रहेगी कुछ कहा नहीं जा सकता है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इन जिम्मेदार पदों का निर्वहन कैसे करते होंगे, बड़ी आसानी से अनुमान लगाया जा सकता है। इस बाबत एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने बताया कि उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर मंडी में मानक के अनुरूप स्टाफ तैनात कराने की मांग कर रखी है।