सेवानिवृत्त पंचायत सचिव से होगी रिकवरी
अमर उजाला ब्यरो
पीलीभीत। ग्राम निधि व मनरेगा से कराए गए कार्यों में घोटाला करने वाले सेवानिवृत्त पंचायत सचिव पर कार्रवाई बढ़ा दी गई है। गबन की गई धनराशि की रिकवरी विभाग सेवानिवृत्त पंचायत सचिव ओमप्रकाश वाल्मीकि के ग्रेच्यूटी फंड से होगी। अमरिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहगवां नगरिया और पूरनपुर ब्लॉक में वित्तीय वर्ष 2017-18 में तैनाती के दौरान तत्कालीन पंचायत सचिव ओमप्रकाश वाल्मीकि ने मनेरगा व ग्राम निधि के तहत कराए गए विकास कार्यो में 6.53 लाख का गबन किया था। इस मामले की शिकायत ग्रामीणों ने डीएम से की थी। जांच के दौरान दिसंबर माह में सचिव सेवानिवृत्त हुए इस बीच जांच टीम ने पूरे मामले की जांच रिपोर्ट डीपीआरओ प्रमोद कुमार को सौंप दी। डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव ने मामला संज्ञान में आने के बाद मंगलवार को जांच रिपोर्ट के आधार पर सेवानिवृत्त सचिव ओमप्रकाश वाल्मीकि को नोटिस जारी कर उनके ग्रेच्यूटी फंड से शेष धनराशि की रिकवरी के आदेश जारी कर दिए।