कलीनगर। बनबसा बैराज से रविवार को शारदा नदी में 70 हजार क्यूसेक पानी पास किया गया। बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद तहसील क्षेत्र में शारदा नदी की धार का प्रवाह तेज हो गया। नदी के जलस्तर और किनारों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, देर शाम तक नदी के किनारे कहीं कटान की स्थिति सामने नहीं आई। बैराज से पानी छोड़े जाने का असर शारदा नदी के प्रवाह पर साफ दिखाई दिया। नदी की धार पहले की अपेक्षा तेज हो गई। इससे नदी किनारे बसे गांवों और संवेदनशील स्थानों को लेकर प्रशासन व सिंचाई विभाग सतर्क रहा। संबंधित कर्मचारियों को नदी के जलस्तर और कटान वाले संभावित क्षेत्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ खंड से अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने बताया कि नदी की स्थिति सामान्य है। संवाद