खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों के चिकित्सक की पर्ची के बिना ही लोगों को दवा देने के विरोध में क्षेत्रीय युवकों ने रविवार से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। खेकड़ा एवं क्षेत्र के ग्राम डूंडाहैडा स्थित चौराहे पर रविवार को दोपहर करीब बारह बजे युवक एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने कहा क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालक नियम कानूनों को ताक पर रख चिकित्सक की पर्ची के बिना ही लोगों को दवा दे रहे हैं। करीब एक माह पूर्व इसी कारण एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। वह कई बार स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने निर्णय लिया कि वह क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी कार्यवाही हेतु हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र भेजेंगे। दोपहर से शाम तक युवकों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान विपिन, संदीप, अंकुर, राजीव, प्रशांत, बिजेंद्र, मोहन, अनुज, रामबीर आदि मौजूद रहे।