गायत्री परिवार की ओर से बसंत पंचमी पर माता भगवती देवी गौशाला प्रसादपुर में पिछले कई सालों से सामूहिक शादी समारोह होता चला आया है। इस बार भी समारोह की कई दिनों से तैयारी चल रहीं थीं। बृहस्पतिवार शाम को शादी समारोह की तैयारी पूरी कर ली गईं। समारोह स्थल पर भव्य पंडाल में कई हवन कुंड बनाए गए हैं। मंत्रोच्चारण के बीच शादियां कराने वाले विद्वानों के बैठने के लिए मंच बनाया गया है। इसके अलावा भोजनालय, स्वागत, अंशदान कार्यालय, उपहार कार्यालय आदि बनाए गए हैं। भीड़ से परिसर में अव्यवस्था न हो इसके लिए वाहन स्टैंड भी परिसर के समीप ही बनाया गया है। भोजन और नाश्ते को लेकर बृृहस्पतिवार से ही कई कारीगरों और गायत्री परिवार को लगाया गया है। गायत्री परिवार के संदीप खंडेलवाल ने बताया कि समारोह की व्यवस्था को सौ से अधिक गायत्री परिवार वालों को लगाया गया है। समारोह में बारातियों, घरातियों के लिए कढ़ी-चावल, पूड़ी-सब्जी, पुलाव, हलवा आदि की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि वर-वधुओं को शुक्रवार को सुबह नौ बजे बुलाया गया है। घरातियों और बारातियों को नशा आदि का सेवन कर न पहुंचने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि नव दंपतियों को आशीर्वाद के साथ उपहार देकर विदाई दी जाएगी।