बीसलपुर। कस्बा दियोरिया के कई किसानों को चालू सीजन में अभी तक गन्ने की एक भी पर्ची नहीं मिली है। लिहाजा उनका गन्ना खेतों में खड़ा सूख रहा है। किसानों ने सोमवार को गन्ना समिति कार्यालय में इसे लेकर हंगामा किया। कस्बा दियोरिया के कई किसान सोमवार को सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय पहुंचे। उन्होंने समिति सचिव से गन्ने की पर्चियां निर्गत कराने की मांग की। किसानों का कहना था कि उन्हें चालू सत्र में अब तक एक भी पर्ची नहीं मिली है। इससे उनका गन्ना खेतों में खड़ा सूख रहा है। किसानों का यह भी कहना था कि दियोरिया का गन्ना सेंटर बंद होने जा रहा है लेकिन उन्हें पर्चियां मिलनी शुरू नहीं हुईं हैं। सचिव ने किसानों की समस्या की अनदेखी की तो वे उत्तेजित हो गए और हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख सचिव ने किसानों को जल्द पर्चियां जारी कराने का आश्वासन देकर शांत किया। हंगामा करने वालों में शिवसरन मिश्रा, विश्व प्रकाश, वीरेंद्र कुमार, राममोहन तिवारी, श्याममोहन तिवारी, भगवान देवी, संतोष सिंह आदि शामिल थे। ब्यूरो