पीलीभीत। अब जिला अस्पताल के दिन बहुरने वाले हैं। यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो मरीजों की सहूलियत के लिए जिला अस्पताल में ई-हॉस्पिटल योजना की जल्द शुरुआत होगी। मरीज घर बैठे ही अस्पताल में उपलब्ध दवाईयों, सर्जिकल सामान और चिकित्सकों की उपलब्धता के बारे में आसानी से जानकारी हासिल कर सकेंगे। साथ ही चिकित्सकों से ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ले सकेंगे। इस नई व्यवस्था को शुरू करने के लिए शासन ने पत्र जारी कर प्रस्ताव मांगा है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब एक हजार मरीजों की ओपीडी होती है। इनमें से करीब 150 मरीज इमरजेंसी वाले होते हैं, दो सौ अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन कराने वाले होते हैं। विभिन्न रोगों से इन सभी पीड़ितों का अलग-अलग कक्ष में उपचार होता है। जिला अस्पताल में अभी फिलहाल हस्तचलित विधि से पर्चा बनाया जाता है। ऐसे में मरीजों को तमाम तरीके की परेशानियां उठानी पड़ती है। लेकिन अब जल्द ही जिला अस्पताल में ई-हॉस्पिटल की सुविधा चालू होने पर दवाई, सर्जिकल सामान का ब्योरा मरीज घर बैठे ही एक क्लिक पर देख सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की मानें तो सब कुछ ठीक रहा तो जिले वासियों को जल्द ही ये सेवा मिलना शुरू हो जाएगी। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि इस सुविधा से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आने के साथ ही मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। उनके बेहतर इलाज की संभावनाएं बढ़ जाएंगी।