शेखपुरा में मकान गिरा, मुआवजे की मांग
खेकड़ा। खेकड़ा नगर के शेखपुरा मे पिछले दिनों हुई बारिश के चलते एक किसान का जर्जर मकान बृहस्पतिवार रात भरभराकर गिर गया। परिवार के लोग आंगन में सोए थे। इसलिए वे सुरक्षित बच गए। पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की है। शेखपुरा निवासी मुकेश धामा का मकान जर्जर हालत में था। पिछले दिनों बारिश के बाद इसकी हालत और खराब हो गई। बृहस्पतिवार रात किसान के मकान के दो कमरे अचानक गिर गए। शोर सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी जाग गए। गनीमत रहे कि सदस्य बाहर आंगन में थे। कमरों में होते तो उनकी जान मुश्किल में पड़ जाती।