बिना चर्चा के 250 करोड़ की जिला योजना स्वीकृत
जिले में साल भर होने वाले विकास कार्यों पर चर्चा की औपचारिकता निभाकर 250 करोड़ की जिला योजना स्वीकृत कर दी गई। करीब दो घंटे चली बैठक में कानून व्यवस्था, स्थानीय मुद्दे और छुटभैयों की समस्याओं पर चर्चा होती रही। पार्टी के अन्य सदस्यों को बोलने का मौका तक नहीं दिया गया। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद जिला योजना की पहली बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में हुई। बैठक में पहुंचे प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, विधायक संजय गंगवार, किशनलाल राजपूत, बाबूराम पासवान, रामसरन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार पहुंचे। बैठक में भीड़ देख डीएम ने अनाधिकृत लोगों के बाहर जाने को कहा। मगर जनप्रतिनिधियों के साथ पहुंचे लोगों ने डीएम की बात को अनसुना कर दिया। इससे डीएम ने बैठक की कार्रवाई प्रारंभ की। मगर कार्रवाई शुरू होते ही विधायकों ने जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा दिया। फिर तो पौन घंटे तक कानून व्यवस्था पर ही चर्चा होती रही। एसपी देवरंजन वर्मा ने जिले में शुरू किए पर्ची सिस्टम के बारे में बताना चाहा, लेकिन उनकी कोई सुनने को तैयार नहीं था। इसके बाद विधायकों ने डीएम पर चीनी मिलों की पक्षधर होने का आरोप लगाते हुए प्रदूषण की समस्या रखी। जिला पंचायत सदस्य रियाज खान ने अमरिया तहसील बनने पर वहां मंडी समिति का निर्माण कराने की मांग रखी। इन पर चर्चाओं के बाद डीएम ने जिले के विकास योजनाओं के लिए बनी बुकलेट पढ़ना शुरू की। इस पर सभी ने मेज थपथपाकर 250 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र, एडीएम अजयकांत सैनी, सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, डीएसटीओ तिलक सिंह सहित कई अधिकारी एवं योजना समिति के सदस्य मौजूद रहे।