बीसलपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति की सोमवार को मंडी परिसर में हुई वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में भारी हंगामे के बीच लगभग 24 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में एक सदस्य के चीनी मिल अधिकारी और संचालक मंडल के पूर्व पदाधिकारी को चोर कहने पर तीखी नोकझोंक हुई। नए सत्र के लिए 8,15,95,625 रुपये की अनुमानित आय और 5,12,37,192 रुपये के अनुमानित व्यय का बजट पास किया गया।
बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही एक सदस्य ने संचालक मंडल के पूर्व पदाधिकारी और चीनी मिल के अधिकारी को चोर कह दिया। इसी बीच एक सदस्य ने मंच पर बैठे चीनी मिल के अधिकारियों से नीचे उतरने को कहा। इसे लेकर हंगामा होने लगा। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक होने लगी। भाजपा विधायक विवेक वर्मा और पूर्व जिला पंचायत सदस्य से भी सदस्यों की कहासुनी हुई।
बैठक में शुरू से आखिर तक अव्यवस्थाएं हावी रहीं। माइक पर बोलने के लिए होड़ मची रही। बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक (गन्ना) सुबोध गुप्ता को सदस्यों ने बोलने नहीं दिया। माइक के पास जाकर उन्हें चारों ओर से घेर लिया। बाद में पुलिस ने उन्हें घेरे से निकालकर मंंच तक पहुंचाया। बैठक की अध्यक्षता संचालक मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पाल यादव और संचालन सचिव आरपी कुशवाहा ने किया।
इन मुद्दों पर हुआ हंगामा
मंच पर अधिकारियों को बिठाने, समिति सचिव के ऑडिट रिपोर्ट सदस्यों को न देने, बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल की बरखेड़ा, मकसूदापुर इकाई के किसानों को गन्ना मूल्य का समय से भुगतान न करने, विधायक के गनर द्वारा एक सदस्य को माइक से हटाने का प्रयास करने आदि मुद्दों को लेकर हंगामा हुआ।
ये प्रस्ताव हुए पास
नौगमिया गन्ना क्रय केंद्र बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा से हटाकर डालमिया शुगर मिल निगोही से संबद्ध करने, बेनीपुर गन्ना केंद्र किसान सहकारी चीनी मिल बीसलपुर से हटाकर डालमिया शुगर मिल से संबद्ध करने, समिति के सभी गोदामों की रंगाई-पुताई कराने, समिति परिसर को मिट्टी डलवाकर समतल कराने, किसानों के बैठने के लिए सीटों की व्यवस्था करने, बरखेड़ा खाद गोदाम परिसर में गन्ना परिषद बरखेड़ा का भवन बनवाने, पेराई सत्र समय से शुरू कराने, चीनी मिलों को गन्ना क्रय केंद्र आवंटित करने, किसान सहकारी चीनी मिल बीसलपुर का विस्तारीकरण कराने, बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा से बकाया भुगतान जल्द दिलवाने, रिछोला घासी गन्ना केंद्र को बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा से हटाकर द्वारिकेश चीनी मिल फरीदपुर से संबद्ध करने आदि।
बीसलपुर मंडी में हुई गन्ना समिति की सामान्य निकाय की बैठक में मौजूद किसान । संवाद