पीलीभीत। नए सत्र में छात्रों को यूनिफार्म की धनराशि डीबीटी के जरिये भेजने के लिए डाटा सत्यापित कर भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसमें पंजीकृत 1,52,924 छात्रों में 22,610 के आधार का सत्यापन अब तक नहीं हुआ है। इनमें से कुछ शिक्षकों और बीईओ के पास लंबित हैं तो 2,232 लोगों का आधार कार्ड ही नहीं मिल सका। 963 का आधार सत्यापित नहीं हो रहा है।
नए शिक्षा सत्र में जिले के पंजीकृत सभी 1,52,924 विद्यार्थियों को यूनिफार्म के लिए डीबीटी से धनराशि देने के आदेश जारी किए गए थे। इसके लिए विद्यार्थी और अभिभावकों के आधार कार्ड सत्यापित होने हैं। शासन की ओर से इसके लिए 30 जून तक का समय दिया गया है। तय समय सीमा में सभी का आधार कार्ड सत्यापित कराने के लिए बीएसए ने बीईओ को निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी यह काम पूरा होने में समय लग रहा है।
कारण है कि जिले के 2,232 विद्यार्थी और उनके माता- पिता के आधार कार्ड स्कूलों में नहीं हैं। इसके चलते सत्यापन का काम अटक गया है। यही नहीं किसी न किसी कारण से 963 आधार कार्ड का सत्यापन ही नहीं हो पा रहा है। बताया जा रहा है कि त्रुटि होने के कारण पोर्टल इन्हें नहीं ले रहा है। आकड़ाें की माने तो जिले में अभी तक 1,30,314 विद्यार्थी और अभिभावकों के आधारकार्ड सत्यापित हो चुके हैं। 30 जून से पहले सत्यापन करने पर जोर दिया जा रहा है।
.......
फैक्ट फाइल
1,52,924 कुल विद्यार्थी हैं जिले में
1,30,314 का हो चुका सत्यापन
वर्जन:
सत्यापन तय समय से पहले पूरा करा दिया जाएगा। प्रदेश में जिले की स्थिति काफी अच्छी है। शत प्रतिशत सत्यापन के लिए बीईओ को निर्देश दिए गए हैं।- अमित कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी