घूरे से निकली चिंगारी से लगी आग से दो सौ बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल राख हो गई। इसकी सूचना देने के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इससे फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने मामला शांत कराया। फायर ब्रिगेड कर्मियों और ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। मगर तब तक दर्जनों किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम डांग में सड़क किनारे घूरा जल रहा था। सुबह नौ बजे तेज हवाओं के चलते घूरे से निकली चिंगारी पड़ोस में स्थित गेहूं के खेत में जा गिरी, जिससे आग लग गई। तेज हवा की वजह से कुछ ही देर में आग आसपास के खेतों में पहुंच गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख गांव में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीण इकट्ठे होकर मौके पर पहुंच गई। इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई। इधर, इस बीच आग ग्राम बगवा के खेतों तक पहुंच गई। दो सौ बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। कुछ ही देर में यूपी 100 पुलिस व इंस्पेक्टर इंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। दो घंटे बाद दमकल के पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसके बाद टीम से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। किसानों ने पुलिस से मुआवजे की मांग की। जिस पर पुलिस ने अधिकारियों को अवगत कराकर हरसंभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया।