बीसलपुर। छत पर पन्नी डालने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से जान गंवाने वाले मजदूर अरविंद के परिजनों को राजस्व विभाग की ओर से चार लाख रुपये आर्थिक मदद दी जाएगी। दूसरे दिन मंगलवार को राजस्व टीम के लोग गांव पहुंचे और जानकारी जुटा परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव रुरिया निवासी 32 वर्षीय मजदूर अरविंद कुमार बारिश होने पर छत पर पन्नी डालने गए थे। इस बीच बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई थी। पिता बेगराज से मिली सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और शव कब्जे में ले लिया था। दूसरे दिन मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं एसडीएम वंदना त्रिवेदी के निर्देश पर राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई। हादसे के बाद मजदूर के परिवार में कोहराम मचा है। पिता बेगराज, पत्नी विंद्रावती, भाई हरीश कुमार, पुत्री निक्की और संध्या का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीलदार राकेश मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृतक के परिजनों को चार लाख मुआवजा दिया जाएगा।