खेकड़ा (बागपत)।
मुख्य विकास अधिकारी ओ पी सी जायसवाल बुधवार को खेकड़ा खंड विकास कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां उन्होंने विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने एडीओ पंचायत शीशपाल सिंह से ब्लाक क्षेत्र के सभी सफाई कर्मचारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कहा कि प्रत्येक सप्ताह दो गांवों में सुबह के समय पहुंचकर सफाई कर्मचारियों की जांच करें। जो भी सफाई कर्मचारी साफ सफाई के कार्य में लापरवाही करता मिला तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने खंड विकास अधिकारी सौरभ राजपूत को बिना जानकारी दिए छुट्टी जाने पर जाने के चलते नाराजगी जताई। कायाकल्प ऑपरेशन के तहत गांवों में बने सरकारी भवनों का कायाकल्प न होने पर एडीओ पंचायत को फटकार लगाकर उन्हें जल्द से जल्द गांवों के सरकारी भवनों का कायाकल्प करने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव को निर्देश दिए कि गांवों में मच्छरों से बचाव के लिए जल्द से जल्द छिड़काव जरूर कराए। उन्होंने विकास कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।