बिलसंडा/ बीसलपुर। जमीन के पुराने विवाद में मनिकापुर गांव निवासी किसान नरेश गंगवार पर खेत पर काम करते वक्त रविवार दोपहर 12 बजे जानलेवा हमला किया गया। छोटे भाई रमेश ने अपने साथियों संग पहले मारपीट और फायरिंग कर दी। इसमें छर्रे किसान की पीठ पर लगे हैं। शोर सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोगों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। परिवार वालों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को बिलसंडा सीएचसी भर्ती कराया है।
दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर निवासी नरेश गंगवार (50) पुत्र गंगाराम खेती करते हैं। रविवार सुबह वह खेत पर गेहूं की फसल को देखने के लिए गए थे। दोपहर 12 बजे उनका छोटा भाई रमेश अपने साथी गांव के अली अहमद, रियाजुद्दीन, और कमरूद्दीन के साथ आ धमका। जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद में गाली गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। इसके बाद चारों लोगों ने फायरिंग कर जानलेवा हमला बोल दिया। इसमें कई छर्रे किसान की पीठ पर लगे। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोस के खेत पर काम कर रहे गांव के मनोहर ने चीख पुकार शुरू कर दी। इस पर पकड़े जाने के डर से आरोपी धमकी देकर मौके से भाग गए। पिता पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी मिलने पर बेटा अरविंद ग्रामीणों संग खेत पर पहुंचा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। यूपी 100 और दियोरियाकलां पुलिस पहुंच गई। मामला जमीन के विवाद में गोलीबारी की सूचना पर बीसलपुर, बिलसंडा थाना की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। घायल किसान नरेश को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया गया है। पुलिस परिवार वालों और ग्रामीणों से संपर्क कर विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी रही। कोतवाल दियोरियाकलां गोपीचंद यादव ने बताया कि घायल के बेटे अरविंद से मिली तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पट्टे की जमीन को लेकर चल रही रंजिश में वारदात करने का आरोप लगाया गया है।
------