बकाया गन्ना मूल्य पर भाकियू का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने सहित विभिन्न समस्याओं के विरोध में चीनी मिल में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन चीनी मिल जीएम को सौंपा। धरना स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि तहसील क्षेत्र कृषि उत्पादन में अग्रणी है। इस बार भी क्षेत्र में 18 हजार 611 हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की फसल है। पिछले सालों में लागत के अनुसार फसलों का मूल्य नहीं मिल पा रहा है। गन्ने का मूल्य साढ़े चार सौ रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए। ताकि किसान को फसल का वाजिब मूल्य मिल सके। सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन चीनी मिल जीएम को सौंपा। ज्ञापन में बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज दिलवाने, चीनी मिल की पेराई क्षमता 25 हजार क्विंटल प्रतिदिन से बढ़ाकर पांच पचास हजार क्विंटल प्रतिदिन करने, भ्रष्ट अफसरों, कर्मचारियों को चिन्हित कर उनका स्थानांतरण अन्य चीनी मिलों को कराने, प्रेसमड किसानों को खाद के रूप में प्रयोग करने को उपलब्ध करवाने, चीनी मिल के पेराई सत्र शुरू होने से पहले सप्लाई कलेंडर किसानों को उपलब्ध कराने, मिल का पेराई सत्र एक नवंबर तक शुरू कराने, चीनी मिल में होने वाली घटतौली पर रोक लगवाने आदि की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में स्वराज सिंह, पुष्पजीत सिंह, डॉ. हरपूर सिंह, रामकुमार पांडेय, लितकराम, ख्यालीराम यादव, हरीसिंह, भजन सिंह, विपिन सिंह, जसपाल सिंह, रणजीत सिंह आदि थे।