जिले में 181-वूमेन हेल्पलाइन शुरू
उत्पीड़न की शिकार महिला को अब एक ही छत के नीचे उपचार, काउंसलिंग एवं रिपोर्ट आदि की सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए 181-वूमेन हेल्पलाइन (सखी )शुरू की गई है। यहां एक गाड़ी भी उपलब्ध रहेगी। बुधवार को डीएम ने गाड़ी (रैस्क्यू वैन) को झंडी दिखाकर योजना का शुभारंभ किया। अब किसी भी तरह की हिंसा (विशेषकर बलात्कार) से पीड़ित महिला की सहायता के लिए मात्र 181 नंबर डायल करना होगा। नंबर डायल होने पर उसकी समस्या की जानकारी ली जाएगी और कुछ ही देर में 181 नंबर की गाड़ी संबंधित महिला तक पहुंचकर उसकी सहायता करेगी और जरूरत पडने पर उसे गाड़ी में अपने साथ लाकर अस्पताल में इलाज, काउसलिंग आदि कराएगी और जरूरत पडने पर उसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए जिला अस्पताल में एक चिकित्सक आवास में महिला सशक्तीकरण के तहत आशा ज्योति केंद्र खोला गया है। इसमें पांच महिलाओं के रहने की व्यवस्था के साथ महिला काउंसलर रखी गई हैं साथ ही महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी भी खोली गई है। बुधवार को डीएम शीतल वर्मा ने आशा ज्योति केंद्र का शुभारंभ किया साथ ही 181-वूमेन हेल्पलाइन के तहत मिली गाड़ी (रैस्क्यू वैन) को झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने कहा कि इस योजना से पीड़ित महिलाओं को लाभ मिलेगा। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम, सीएमओ डॉ. ओपी सिंह, सीएमएस डा. आरसी शर्मा, डॉ. अनीता चौरासिया, डॉ. राजेश कुमार, महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनुपम सिंह, आशा ज्योति केंद्र चौकी प्रभारी रीना देवी आदि मौजूद रहे।