पीलीभीत। जिला पूर्ति कार्यालय में जमा किए आधार कार्ड के दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि जिला पूर्ति विभाग का दावा है कि जब से खाद्यान्न वितरण में कार्ड धारकों को ई-पॉश मशीन में अंगूठा लगने लगा है, तब से किसी के भी नाम के राशन कार्ड का दुरुपयोग होने की संभावना खत्म हो गई है। मरौरी ब्लॉक के शेर सिंह ने बताया कि नया राशन कार्ड बनवाने के लिए उन्होंने पत्नी के नाम से दो साल पूर्व आवेदन किया था। उस वक्त जिला पूर्ति कार्यालय में नया फॉर्म भरवाने के साथ आधार नंबर की प्रति लगवाई गई थी। अब जब एक बार फिर नया कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया तो पता चला की उनके आधार नंबर से बीसलपुर ब्लॉक के एक राशन विक्रेता के यहां कार्ड चल रहा है। आरोप लगाया कि आवेदन में लगे आधार के नंबर का दुरुपयोग कर लिया गया है। डीएसओ एपी सिंह ने बताया कि अभी तक उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। शिकायतकर्ता कार्यालय में शिकायती पत्र देगा तो निश्चित जांच कराई जाएगी।