पीलीभीत। सोमवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। बिजली कौंधने लगी और फिर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश से ठंड बढ़ गई। बारिश और सर्द हवा चलने से सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बारिश के बाद मंगलवार को हालात और ज्यादा खराब हो सकते हैं। कोहरा होने की आशंका जताई जा रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मौसम में ठंड के साथ तापमान में उतराव-चढ़ाव था, अब बारिश के बाद तापमान और तेज से गिर गया। हालांकि किसानों के लिए बरसात खुशी की सौगात लेकर आई है। बरसात और ठंड गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद होगी। सोमवार सुबह से ही हल्के बादल थे लेकिन शाम को मौसम पूरी तरह बिगड़ गया। रह-रहकर बिजली कौंधने लगी। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवा चलने से लोग कांप उठे। बारिश के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। वाहनों का संचालन थम सा गया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में बारिश का असर खासा देखने को मिला।