खेकड़ा (बागपत)।
रेलवे विभाग ने क्षेत्र के ग्राम फखरपुर मार्ग पर दो मानव रहित रेलवे फाटकों पर अंडर पास का निर्माण कराया । एक अंडर पास को तो रेलवे विभाग ने सड़क बनवाकर पक्का करा दिया। एक अंडर पास मार्ग का कार्य अभी प्रगति पर है। दो दिन पूर्व हुई तेज बारिश के चलते दोनों अंडर पास पानी से लबालब हो गए। इससे दोनों अंडर पास में पांच से छह फुट पानी भरा हुआ है। इस कारण अंडर पास मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद है। अंडर पास में जलभराव होने के चलते क्षेत्र के ग्राम फखरपुर, फिरोजपुर, नंगला बड़ी, निरोजपुर समेत करीब आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण दूर दराज के अन्य मार्गों से होकर अपने गांवों तक पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने रेलवे विभाग से अंडर पास मार्ग से पानी निकलवाकर आवागमन चालू कराने की मांग की। इस दौरान ग्रामीण शौकेंद्र सिंह, प्रवीन, अनिल डागर, मोनू, सुनील तेवतिया, अशोक कुमार, लोकेंद्र तेवतिया, राजकुमार, प्रदीप आदि रहे।