कांशीराम आवासीय कॉलोनी के लोगों का प्रदर्शन
खेकड़ा (बागपत) । नगर की कांशीराम आवासीय कॉलोनी के लोगों ने प्रदर्शन कर डीएम से हस्तक्षेप करके कॉलोनी की पेयजल समस्या हल कराने की मांग की। नगर की नानू मार्ग स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी का सरकारी ट्यूबवेल एवं पेयजल हैंडपंप खराब है। कॉलोनी में मात्र एक ही हैंडपंप चालू है, इससे कॉलोनी के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल किल्लत के चलते सोमवार को परेशान कॉलोनी वासी परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने प्रदर्शन कर कहा संबंधित अधिकारियों से कई बार समस्या हल कराने की मांग की, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। उन्होंने कहा यदि तीन दिन में पेयजल समस्या हल नहीं हुई तो अधिकारियों के कार्यालय के बाहर धरना देंगे। इसमें आंसू, टोनी, इरशाद, मुकेश, जोनी, नितिन आदि रहे।