पीलीभीत। टाइगर रिजर्व में बाघों के अलावा अन्य वन्यजीवों की संख्या का आकलन करने के लिए इन दिनों गणना का कार्य चल रहा है। तीन चरणों में होने वाली गणना का दूसरा चरण गुरुवार को पूरा हो गया। इसमें सभी वन रेंजो के जंगल क्षेत्र में अलग-अलग टीमों ने भ्रमण कर वन्यजीवों की संख्या का आकलन किया। टाइगर रिजर्व में बाघों के अलावा अन्य कई प्रजाति के वन्यजीव प्रवास करते है। पूर्व की अपेक्षा यहां के जंगल में वन्यजीवों की संख्या भी बढ़ी है। यही वजह है कि जंगल से बाहर के इलाकों में वन्यजीवों की हलचल भी बढ़ गई है, लेकिन वन्यजीवों की मौजूदा संख्या का आकलन विभाग के पास नहीं था। इसके लिए गणना की तिथि निर्धारित करते हुए तीन चरणों में गणना शुरू की गई। पहले चरण में छह मई को गणना सम्पन्न की गई थी। पहले चरण में ही तेंदुए, भालू और अन्य तृणभोजी वन्यजीवों की संख्या में काफी इजाफा होने की बात सामने आई। अफसर खुद भी इसे स्वीकार कर रहे हैं। इधर, गुरुवार को दूसरे चरण की गणना का कार्य सम्पन्न हुआ। इसमें विभागीय अफसरों के अलावा गठित टीमों ने जंगल क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में भ्रमण का वन्यजीवों की संख्या का आकलन किया। डिप्टी डायरेक्टर आदर्श कुमार ने बताया कि नियमित रूप से वन्यजीवों की गणना का कार्य किया जा रहा है।