पूरनपुर। मैलानी-पीलीभीत के बीच चल रहे रेलवेे के आमान परिवर्तन के कार्य में पिछले दो दिनों से तेजी आई है। ब्लॉक होने के बाद आठ माह से कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा था। अब स्टेशन पर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म को आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज के पिलर खड़े करने शुरू कर दिए गए। ब्रॉडगेज की पटरी बिछाने को स्टेशन के सामने समतलीकरण का कार्य भी तेजी के साथ शुरू हो गया है। इस रूट पर आमान परिवर्तन को लेकर वैसे तो साढ़े तीन साल से कार्य चल रहा है। मई माह में ब्लॉक लेने के बाद कार्य के तेजी से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन ब्लॉक होने के बाद अत्यंत धीमी गति से कार्य चल रहा था। हालांकि इस दौरान पूरनपुर सहित अन्य स्टेशनों के टीनशेड हटाए गए। पुरानी पटरियों, स्लीपरों को हटाया गया। नई पटरियों और स्लीपरों को जगह-जगह स्टाक करने का कार्य किया गया। इसके अलावा पहले से चल रहे मालगोदाम प्लेटफार्म के निर्माण को लेकर मिट्टी का भराव, आरपीएफ के क्वार्टरों का निर्माण, दूसरे प्लेटफार्म को जाने को फुट ओवरब्रिज का कार्य रुक गया था। इधर, बजट स्वीकृत होने के बाद बुधवार से कार्य में तेजी आई। पटरियों को डालने के लिए स्टेशन के सामने समतलीकरण शुरू किया गया। ओवरब्रिज पुल के पिलर खड़े करने का कार्य शुरू हुआ है। आमान परिवर्तन को लेकर कार्यदायी संस्था ने दो साल का समय लिया है। हालांकि आमान परिवर्तन कब तक पूरा होगा। इसको लेकर अभी निर्माण एजेंसी के अफसर कुछ भी कहने से कतरा रहे है।