बीसलपुर। जमीन पर दबंगों के कब्जे से आहत मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी देवी सहाय की पत्नी अनीता देवी ने 14 जुलाई को परिवार के साथ आत्मदाह की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में अनीता ने कहा है कि वह अफसरों से जमीन को कब्जा मुक्त कराने की गुहार कर करके थक गई हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। अनीता ने पत्र में कहा है कि मोहल्ला दुबे के एक परिवार ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। वहां बने कमरे का ताला तोड़कर सामान भी निकाल लिया है। वह लगातार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत कर रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। 17 जून से रामलीला मैदान में अनशन भी किया। तब 21 जून को अधिकारियों ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर अनशन खत्म करा दिया था लेकिन समस्या आज तक समाधान नहीं हुआ है। 13 जुलाई तक उसकी जगह से अवैध कब्जा नहीं हटवाया गया और उसका चोरी गया सामान वापस नहीं दिलाया गया तो वह 14 जुलाई को सपरिवार आत्मदाह कर लेगी। इस बाबत एसडीएम सौरभ दुबे ने बताया कि कोतवाली पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।