बीसलपुर। मंडी समिति में कारोबार के लिए जारी 300 में से अब तक 150 व्यापारियों के लाइसेंस का ही नवीनीकरण हो सका है। बाकी 150 व्यापारी बिना नवीनीकरण के ही कारोबार कर रहे हैं, लेकिन मंडी प्रशासन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
मंडी समिति का कृषि सत्र एक जुलाई से 30 जून तक चलता है। कृषि सत्र पूरा होने से पहले ही मंडी प्रशासन ने सभी 300 व्यापारियों को अपने लाइसेंसों का नवीनीकरण हर हाल में 30 जून तक करा लेने को कहा था। चेतावनी दी थी कि 30 जून तक नवीनीकरण न होने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा। मंडी प्रशासन की सख्ती के बावजूद अब तक 150 व्यापारियों ने ही अपने लाइसेंसों का नवीनीकरण कराया है। बाकी 150 व्यापारियों के लाइसेंसों का अब तक नवीनीकरण नहीं हो पाया है।
इस बाबत प्रभारी मंडी सचिव नाजिम अली ने बताया कि 150 फर्मों के लाइसेंसों का नवीनीकरण हो चुका है। बाकी व्यापारियों के आवेदनपत्र आ गए हैं। नवीनीकरण न होने पर अभी दुकानों के लाइसेंस निलंबित नहीं किए गए हैं। उनके लाइसेंसों का नवीनीकरण किया जा रहा है। 30 जून के बाद नवीनीकरण कराने वाले व्यापारियों से जुर्माना वसूला जाएगा।