पीलीभीत। थाना समाधान दिवस के अंतर्गत अलग-अलग थानों में 15 शिकायतें आईं, जिसमें निस्तारण किसी का नहीं हो सका। बिलसंडा में डीएम और अमरिया में एसपी ने शिकायतें सुनीं।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने थाना करेली और बिलसंडा पहुंचकर शिकायतों की सुनवाई की। थाना बिलसंडा में गांव पस्तौर के फरियादी ने जमीन संबंधी समस्या को बताया। जिसपर उन्होंने हल्का लेखपाल को बुलाकर समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया।
गांव परेवा के मंगली प्रसाद ने अपने खेत के लिए रास्ता दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें टीम को गांव रवाना किया गया। गांव जमुनिया महुआ निवासी रेशमा देवी ने रोते हुए डीएम को बताया कि पति ने उसे घर से निकाल दिया है। उसने नौ माह की बच्ची के जन्म प्रमाणपत्र और आधार कार्ड के लिए आवेदन किया था। जिसपर हल्का लेखपाल ने रिपोर्ट नहीं लगाई।
डीएम ने हल्का लेखपाल को तलब करते हुए रिपोर्ट लगाने के निर्देश दिए। सुरेश जायसवाल ने जमीन का दाखिल खारिज नहीं हो पाने की समस्या को रखा। नगर पंचायत अध्यक्ष डीके गुप्ता ने कहा कि मार्ग पर सब्जी मंडी लगती है। इस कारण जाम के साथ कोई अप्रिय घटना होने की आशंंका बनी रहती है।
इसके बाद डीएम थाना करेली भी पहुंचे। दोनों थानों पर छह शिकायतें आईं। इसमें किसी का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान एसडीएम नागेंद्र पांडेय, तहसीलदार कर्म सिंह, क्षेत्राधिकार प्रतीक दहिया, एसओ प्रमेंद्र कुमार और रणजीत सिंह मौजूद रहे।
..........
बीसलपुर में तीन शिकायतें आईं
बीसलपुर। कोतवाल संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस में कुल तीन शिकायतें आईं। दो शिकायतें राजस्व और एक पुलिस विभाग से संंबंधित थी। कोतवाल ने बताया कि तीनों शिकायतों के अतिशीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीम बना दी गई है। संवाद
.......
अमरिया में सिर्फ एक शिकायत दर्ज
अमरिया। एसपी अविनाश पांडे की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में केवल एक फरियादी ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। जिसको एसपी ने थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह को जांच कर तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए। संवाद
..
पूरनपुर में भी आईं पांच शिकायतें
पूरनपुरर। कोतवाली में एसडीएम अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में थाना दिवस का आयोजन हुआ। यहां पर जमीन से संबंधित पांच शिकायतें आईं। निस्तारण किसी का नहीं हो सका। इस दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी, कोतवाल राजीव शर्मा मौजूद रहे।
थाना समाधान दिवस में अधिकतर जमीन संबंधित शिकायतें आईं। निस्तारण करने के लिए राजस्व टीम को रवाना कर दिया गया। सभी को जल्द निस्तारण कर आख्या देने के निर्देश दिए गए हैं।
- संजय कुमार सिंह, डीएम