गजरौला/पीलीभीत। असम हाईवे पर बिनौल बिजली घर के पास ट्रक ने तीन बाइक सवारों को रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पलियामाफी निवासी विजयपाल पुत्र वसंत लाल की पत्नी रानी देवी को बृहस्पतिवार दोपहर गजरौला सीएचसी में लड़के का जन्म हुआ था। इसके बाद देर शाम परिवार के लोग पत्नी रानी को उसके मायके जमुनिया गांव छोड़ने जा रहे थे। विजयपाल पत्नी व नवजात के साथ टेंपो में सवार था। उसके पीछे बाइक पर पिता वसंत लाल (45) गांव के ही संजू (22) पुत्र सियाराम और टाकन लाल (25) पुत्र बिहारी लाल आ रहे थे। बाइक संजू चला रहा था। असम हाईवे पर बिनौल बिजली घर के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक के चपेट में तीनों बाइक सवार आ गए।। हादसे में बाइक सवार संजू, वसंतलाल और टाकनलाल की मौके पर मौत हो गई। टेंपो में सवार विजयपाल ने हादसा देख मौके पर रुक कर सूचना पुलिस को दी। इस पर एसएचओ राजेश मौर्य, एसएसआई सुधीर कुमार सिंह, जरा चौकी प्रभारी निर्देश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हादसे में तीन युवकों की मौत का पता लगते ही हड़कंप मच गया। एसपी कलानिधि नैथानी ने शहर के दोनों थानाध्यक्षों को भी मौके पर भेज दिया। परिवार वालों को ढांढस बंधाने के बाद पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिए है।