कलीनगर में समाधान दिवस पर समस्यायें सुनते सीडीओ व अन्य अधिकारी । संवाद
कलीनगर/पीलीभीत। तहसील में आयोजित समाधान दिवस में ठंड के बीच 13 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीएम की गैर मौजूदगी में सीडीओ धर्मेंद्र सिंह ने समस्याएं सुनीं। इनमें से आठ शिकायतों का निस्तारण कराया गया और पांच फरियादी मायूस होकर लौट गए। वहीं सदर तहसील में 30 शिकायतें में से छह का समाधान किया गया।
कलीनगर में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में समाधान दिवस होना था। इसको लेकर अधिकारी और कर्मचारी सतर्क थे, लेकिन विभागीय कार्यों के चलते डीएम नहीं पहुंच सके। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार, एसडीएम आशुतोष गुप्ता, सीओ आलोक कुमार समेत अधिकारी मौजूद रहे। भाकियू कार्यकर्ताओं ने सिमरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई के लिए सीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
इधर पीलीभीत में एडीएम रामसिंह गौतम की अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में विभिन्न विभागों की 30 शिकायतें आई। इनमें से छह का निस्तारण हो सका। एसडीएम देवेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, बीसलपुर तहसील सभागार में एसडीएम महीपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आई 16 में से दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने का निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों के हवाले कर दी हैं। संचालन तहसीलदार करम सिंह ने किया। अधिकांश विभागों के तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।